रात्रि विश्राम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों संग बंद कमरे में की बैठक

जबलपुर, यश भारत। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के जबलपुर आगमन के बाद रात्रि विश्राम के दौरान उन्होंने जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बंद कमरे में महत्वपूर्ण बैठक की। सूत्रों के अनुसार बैठक में जिले की प्रशासनिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर फीडबैक लेते हुए कार्यों की प्रगति जानी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में उपार्जन व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई, जिसमें व्यवस्थाओं की स्थिति और संचालन को लेकर जानकारी ली गई। साथ ही अधिकारियों को पारदर्शिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।
आगमनी और विदाई तक ही सीमित रही नेताओं की भूमिका
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों की भूमिका केवल आगमन और विदाई तक ही सीमित रही। किसी भी नेता के साथ अलग से कोई विशेष चर्चा नहीं हुई और न ही किसी को व्यक्तिगत रूप से मिलने के लिए समय दिया गया। मुख्यमंत्री ने केवल प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।







