डबल मर्डरः फरार कातिल की पत्नी गिरफ्तार
पूजा भी हत्याकांड में थी शामिल चाकू मारे, मद्दगार बनी

जबलपुर, यशभारत। घमापुर थाना अंतर्गत बल्दीकोरी की दफाई में शुक्रवार सुबह बड़े भाई और भाभी की चाकू से गोदकर हत्या करने वाले कातिल को पुलिस नहीं ढूंढ पाई है। नाकेबंदी फेल होने के बाद पुलिस ने संभवित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। दो टीमें शहर से बाहर भी रवाना की गई है। जबकि एक टीम जिले में ही उसकी तलाश में जुटी हुई हैं लेकिन अब तक ऐसा कोई सुराग नहीं लगा है जिसके सहारे आरोपी तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस के हाथ खाली है। हालांकि पुलिस ने आरोपित की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद मिलकर आरोपित भाई ने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपिया को आज कोर्ट में पेश किया जायेगा।
विदित हो कि बल्दी कोरी दफाई में रहने वाले संजय चौधरी और उसके छोटे भाई बबलू चौधरी के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों ही भाईयों का पैतृक मकान अलग-अलग हिस्सा है। दोनों के मकान अगल-बगल बने है। बब्लू पुश्तैनी मकान में निवासरत है जबकि संजय ने दादा रामलाल की बगल में खाली जमीन मकान बनाया था। जिसमें भी बबलू हिस्सेदारी मांग रहा था। शुक्रवार सुबह दस बजे बबलू हाथ में चाकू लेकर पहुंचा और हिस्सा मांगते हुए बड़े भाई संजय 45 वर्ष और उनकी पत्नी बबीता चौधरी 40 वर्षीय पर चाकू से हमला कर दोनों को मौत के घाट उतार दिया था।
संजय पर 33, बबीता पर 23 वार किए
बबलू ने ताबड़तोड़ भैया-भाभी पर चाकू से वार किए थे। सूत्रों के मुताबिक पीएम के बाद खुलासा हुआ कि संजय के शरीर में 33 तो बबीता के शरीर में 23 घाव मिले है। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आरोपित भाई के सिर पर किस कदर खून चढ़ा हुआ था।
मां के निधन के बाद बना सहारा
बचपन में ही संजय-बबलू की मां का निधन हो गया था इसके बाद बड़े भाई ने परिवार की जिम्मेदारी अपने कंधे पर उठाई। बबलू की हर जरूरतों को पूरा करने कोई कसर नहीं छोड़ी। बबलू की धूमधाम से शादी भी कराई। लेकिन पहली पत्नी से तलाक होने के बाद उसकी दूसरी शादी हुई। इसके बाद बबलू की नीयत बदली और वह कारखाने से लेकर मकान में कब्जा करना चाहता था। जिसके चलते उसने खूनी खेल खेलने के साथ अपनों का खून बहाया।
पूजा भी हत्याकांड में थी शामिल चाकू मारे, मद्दगार बनी
आरोपित की पत्नी पूजा भी हत्याकांड में शामिल थी। महेन्द्र सतनामी 37 वर्ष निवासी कांचघर के पुलिस ने बयान लिए तो उसने बताया कि जब वह सूचना पर पहुंचा था तो जीजा संजय चौधरी को उनका छोटा भाई बबलू चौधरी चाकू से कई जगह वार कर रहा था और उसे देखकर भाग गया था अंदर जाकर देखा तो उसकी बहन बबीता खून से लथपथ जमीन पर पडी थी, जिसने बताया था कि बबलू एवं बबलू की पत्नि पूजा ने मुझे एवं तुम्हारे जीजा संजय चौधरी को मकान बटवारे की बात को लेकर चाकूओं से हमला किया। अस्पताल में बहन की भी मौत हो गई थी। जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपित पति के साथ मिलकर न केवल उसने बबीता को चाकू मारे थे बल्कि जब बब्लू भाभी पर हमला कर था तब उसने पति की मदद करते हुए बबीता को पकड़ा था।
इनका कहना है
आरोपित की तलाश जारी है। पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही है फिलहाल उसका सुराग नहीं लग सका है।
आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर






