दीपावली की खुशियाँ मातम में बदलीं: ट्रक की टक्कर से पलटी कार, 1 की मौत, 3 गंभीर

सागर, यशभारत l सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत कत्था फैक्ट्री के समीप तीखे मोड़ पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा घटित हो गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने आई-10 कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलट गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात आई-10 कार सानौधा मार्ग से गुजर रही थी, तभी कत्था फैक्ट्री के सामने मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों का मजमा लग गया।
तीन थानों की पुलिस और एम्बुलेंस पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस बल के साथ-साथ नजदीकी तीन थानों की एफआरबी (फर्स्ट रिस्पॉन्स व्हीकल) और 108 एम्बुलेंस गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सानौधा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटनाकारित ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।







