भोपाल में देवी अहिल्या महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन: पीएम मोदी के साथ मंच साझा करेंगी महिला मंत्री, सेना की वर्दी में दिखेंगी महिलाएं ..

भोपाल में देवी अहिल्या महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन: पीएम मोदी के साथ मंच साझा करेंगी महिला मंत्री, सेना की वर्दी में दिखेंगी महिलाएं
भोपाल । मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जंबूरी मैदान पर आज आयोजित होने जा रहा है एक ऐतिहासिक महिला सम्मेलन – देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं संबोधित करेंगे। इस भव्य आयोजन में दो लाख से अधिक महिलाओं के शामिल होने का अनुमान है। महिला सशक्तिकरण की प्रेरणास्रोत देवी अहिल्याबाई होलकर की तस्वीर के साथ-साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह की छवियां इस आयोजन की पहचान बनेंगी।
मंच पर होंगी महिला मंत्री, खास ड्रेस कोड में महिलाएं
इस सम्मेलन की विशेष बात यह है कि महिला मंत्री सिंदूरी साड़ी, महेश्वरी साड़ी, मराठी, राजपूती, आदिवासी परिधान और सेना की वर्दी जैसी पोशाकों में नजर आएंगी। आयोजन की व्यवस्थाएं संभालने वाली महिलाओं को विशेष परिधान पहनने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे विविधता और सांस्कृतिक प्रतिनिधित्व झलकेगा।
मंच पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल व जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल मौजूद रहेंगे। इनके अलावा महिला मंत्री संपतिया उइके, निर्मला भूरिया, प्रतिमा बागरी, राधा सिंह और भोपाल महापौर मालती राय भी मंच साझा करेंगी। कार्यक्रम का संचालन कैबिनेट मंत्री कृष्णा गौर करेंगी।
ऑपरेशन सिंदूर की झलक, शहर में विशेष सजावट
भोपाल के चौराहों से लेकर जंबूरी मैदान तक ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को दर्शाते पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इनमें सेना की वर्दी में पीएम मोदी, कर्नल सोफिया और विंग कमांडर व्योमिका की तस्वीरें शामिल हैं।
भोपाल एयरपोर्ट, लालघाटी, वीआईपी रोड, न्यू मार्केट, जवाहर चौक सहित प्रमुख इलाकों को विशेष तौर पर सजाया गया है। शहर में पीएम मोदी, सीएम मोहन यादव, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और वीडी शर्मा के कट-आउट्स लगाए गए हैं।
मौसम अलर्ट: तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने शनिवार को भोपाल में तेज आंधी और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम में यह बदलाव साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के सक्रिय होने से हो रहा है। इसी कारण पीएम मोदी के कार्यक्रम का समय थोड़ा पहले किया जा सकता है।
पीएम मोदी का शेड्यूल (31 मई 2025)
सुबह 9:30 बजे: दिल्ली से रवाना
10:50 बजे: भोपाल स्टेट हैंगर पर आगमन
11:00 बजे: जंबूरी मैदान पहुंचेंगे
12:45 बजे: जंबूरी मैदान से रवाना
1:05 बजे: दिल्ली के लिए प्रस्थान
(मौसम के कारण कार्यक्रम 10:40 बजे से भी शुरू हो सकता है)
1600 बूथों से महिलाओं को बुलाया गया
भोपाल जिले के 1600 बूथों से महिलाओं को इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। नजदीकी बूथों से 100 और ग्रामीण बूथों से 50 महिलाएं कार्यक्रम में शामिल होंगी। आयोजन की व्यवस्थाओं में 1550 महिलाओं की ड्यूटी लगाई गई है।
भोपाल के स्कूल रहेंगे बंद
जिला शिक्षा अधिकारी एनके आहिरवार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल समर कैंप समाप्त हो चुके हैं और स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है। अतः स्कूलों को बंद करने के लिए अलग से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।







