डीएसी नंबर और ओटीपी के बावजूद नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर,एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं का चक्काजाम,
गर्मी में घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर लोग

जबलपुर, यशभारत। शहर में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत ने आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। डीएसी नंबर और ओटीपी मिलने के बावजूद लोगों को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पिछले एक सप्ताह से जारी इस संकट के चलते हजारों परिवारों की रसोई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। गर्मी के इस मौसम में उपभोक्ता चिलचिलाती धूप में घंटों कतार में खड़े होकर सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। दमोहनाका शिवनगर स्थित संस्कारधानी गैस एजेंसी के बाहर सोमवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर जाम लगने से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के बाद उनके मोबाइल पर डीएसी नंबर और ओटीपी तो भेज दिया जाता है, लेकिन एजेंसी पहुंचने पर बताया जाता है कि सिलेंडर उपलब्ध नहीं है। कई लोग पिछले कई दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों ने बताया कि गैस सिलेंडर न मिलने के कारण घरों में फिर से चूल्हे और लकड़ी के सहारे खाना बनाने की नौबत आ गई है। गर्मी और धुएं के बीच खाना बनाना विशेष रूप से महिलाओं के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
नाराज उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग आम जनता की इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।







