भोपालमध्य प्रदेश

मालीखेड़ी में कबाड़ गोदाम खाक, नरवाई की आग बनी मुसीबत

मालीखेड़ी में कबाड़ गोदाम खाक, नरवाई की आग बनी मुसीबत

भोपाल, यशभारत। राजधानी के मालीखेड़ी क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। दोपहर भड़की इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। टीन शेड से बने इस गोदाम में रखा लाखों रुपये का कबाड़ जलकर पूरी तरह खाक हो गया। रिहायशी इलाके के पास हुई इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

क्षेत्रीय पार्षद विकास पटेल ने बताया कि आग की इस घटना में गोदाम मालिक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पास के खेतों में नरवाई (फसल के अवशेष) जलाई जा रही थी, जिसकी चिंगारी उड़कर गोदाम तक पहुंच गई और आग भड़क उठी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button