नाले में मिली एसएएफ के रिटायर्ड एएसआई की लाश -एक दिन पहले घर से बाइक लेकर निकले थे, मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
नाले में मिली एसएएफ के रिटायर्ड एएसआई की लाश
-एक दिन पहले घर से बाइक लेकर निकले थे, मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
छोला मंदिर थाना क्षेत्र में स्थित नाले में एसएएफ के रिटायर्ड एएसआई की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। नाले में उनकी बाइक भी पड़ी मिली है। वह एक दिन पहले अपने घर से काम के सिलसिले में निकले थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर आज पीएम के बाद शव परिनजों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर वह बाइक समेत नाले में कैसे गिरे, उन्हें किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है या फिर कोई और कारण है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
एएसआई प्रेम नारायण ने बताया कि कल शाम करीब साढ़े पांच बजे भानपुरा ओवर ब्रिज के पास नाले में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़ी होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाले से शव बरामद किया, पास ही में एक बाइक पड़ी थी जिस पर पुलिस लिखा हुआ था। जब पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर पड़ताल की तो मृतक की पहचान लाम्बाखेड़ा ईटखेड़ी निवासी अमर जीत सिंह पुत्र सरदार माल सिंह(65) के रूप में हुई है। मृतक एसएएफ 7वीं बटालियन से एएसआई के पद से रिटायर्ड हैं। वह मंगलवार को जहांगीराबाद जाने के लिए अपनी बाइक लेकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं पहुंचे, परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद थाना ईटखेड़ी में उनके गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।







