सीयूईटी परीक्षा 11 मई से, 31 मई तक चलेगा प्रवेश का महाअभियान

सीयूईटी परीक्षा 11 मई से, 31 मई तक चलेगा प्रवेश का महाअभियान
भोपाल यश भारत। देशभर के लाखों विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के द्वार खोलने वाली कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट सीयूईटी यूजी इस वर्ष 11 मई से शुरू होकर 31 मई तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट सीबीटी मोड में आयोजित होगी, जिसके माध्यम से केंद्रीय विश्वविद्यालयों सहित कई प्रमुख संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय ने भी इस वर्ष अपने स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीयूईटी यूजी को अनिवार्य कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, अधिकांश सीटों पर दाखिला पूरी तरह से सीयूईटी में प्राप्त अंकों के आधार पर ही होगा। सीयूईटी यूजी के जरिए प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और समान अवसर आधारित बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे देशभर के विद्यार्थियों को एक ही परीक्षा के माध्यम से विभिन्न विश्वविद्यालयों में आवेदन करने की सुविधा मिलेगी जिससे समय और संसाधनों की बचत भी होगी। इस परीक्षा के माध्यम से मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी और छात्रों को अपनी पसंद के संस्थानों में प्रवेश पाने का बेहतर अवसर मिलेगा। वहीं छात्रों के बीच प्रतिस्पर्धा भी पहले के मुकाबले अधिक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा की तैयारी के साथ साथ आधिकारिक दिशा-निर्देशों और शेड्यूल पर नजर बनाए रखें ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।







