नगर निकायों में अतिक्रमण और गंदगी पर सख्ती, तालाब संरक्षण व कूड़ा संग्रहण को मिलेगी प्राथमिकता: डीएम
बाराबंकी,

नगर निकायों में अतिक्रमण और गंदगी पर सख्ती, तालाब संरक्षण व कूड़ा संग्रहण को मिलेगी प्राथमिकता: डीएम
बाराबंकी,। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, तालाब संरक्षण और राजस्व वसूली को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ जुर्माना भी वसूला जाएगा।कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने जनपद की सभी नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों से कहा कि स्वच्छता के सभी मानकों पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए। सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और नालियों पर अतिक्रमण मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा नगर क्षेत्रों में अवैध प्लाटिंग पर प्रभावी रोक लगाई जाए।
.jpeg)
बैठक में तालाबों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगर निकाय अपने क्षेत्र के तालाबों को अतिक्रमण मुक्त रखें और उनके संरक्षण के लिए विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि तालाबों को स्वच्छ, सुरक्षित और जनोपयोगी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर कार्य किया जाए।डीएम ने नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में प्रतिदिन शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कहा कि बकाया वसूली में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए और निर्धारित राजस्व लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
समीक्षा बैठक में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वार्ड स्तर तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने विकसित भारत संकल्प, जनसंवाद और जनकल्याण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी बल दिया।
प्लास्टिक मुक्त अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी प्रतिबंध सुनिश्चित करने और जनजागरूकता के माध्यम से अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल सहित नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







