भोपालमध्य प्रदेश

ट्विशा मर्डर केस: भोपाल लाया गया आरोपी समर्थ, कटारा हिल्स थाने में दिखा रसूख, पुलिस पूछताछ के लिए लेगी रिमांड

ट्विशा मर्डर केस: भोपाल लाया गया आरोपी समर्थ, कटारा हिल्स थाने में दिखा रसूख, पुलिस पूछताछ के लिए लेगी रिमांड

भोपाल, यशभारत। राजधानी के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मर्डर केस में मुख्य आरोपी और मृतका के पति समर्थ सिंह को पुलिस शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात भोपाल लेकर पहुंची। करीब दो बजे भारी सुरक्षा के बीच आरोपी को कटारा हिल्स थाने में रखा गया। हाईप्रोफाइल बन चुके इस मामले में आरोपी पक्ष और पुलिस के दावों के बीच विरोधाभास सामने आने के बाद थाने में देर रात तक हलचल और हंगामे का माहौल बना रहा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार समर्थ सिंह को 22 मई को जबलपुर हाईकोर्ट परिसर से हिरासत में लिया गया। हालांकि आरोपी पक्ष ने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। शनिवार सुबह आरोपी के भाई सिद्धार्थ सिंह अपने वकील के साथ कटारा हिल्स थाने पहुंचे, जहां मीडिया की मौजूदगी को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली। पत्रकारों से चर्चा के दौरान वकील ने पुलिस के दावे को खारिज करते हुए कहा कि समर्थ को गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि वह स्वयं कोर्ट पहुंचा था। उनका कहना था कि “हम कहीं भाग नहीं रहे थे, स्वेच्छा से कोर्ट गए थे।”
थाने के बाहर मीडिया और पुलिस की मौजूदगी के बीच कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही। बताया जा रहा है कि आरोपी पक्ष ने पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। वहीं पुलिस अधिकारियों ने मामले में ज्यादा टिप्पणी करने से फिलहाल बचते हुए जांच जारी होने की बात कही है।
सूत्रों के मुताबिक, समर्थ सिंह को कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले जाया जाएगा। इसके बाद उसे भोपाल जिला अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस विस्तृत पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कर सकती है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े कई पहलुओं की कड़ियां अब भी स्पष्ट नहीं हैं और आरोपी से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। सूत्रों के अनुसार पुलिस 5 से 6 दिन की रिमांड मांग सकती है।
उल्लेखनीय है कि 12 मई को ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती जांच के बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया था। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी समर्थ सिंह तक पहुंची।
मामले को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों तक में लगातार प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कई संगठनों ने ट्विशा को न्याय दिलाने की मांग उठाई है। इसी बीच आरोपी समर्थ सिंह को भोपाल लाए जाने के बाद अब पूरे मामले की जांच और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button