भोपाल

धार्मिक प्रतीकों पर रोक से विवाद, एमपी नगर में कंपनी के खिलाफ हुआ प्रदर्शन

धार्मिक प्रतीकों पर रोक से विवाद, एमपी नगर में कंपनी के खिलाफ हुआ प्रदर्शन
भोपाल, यश भारत । भोपाल के एमपी नगर में स्थित एक निजी कंपनी में कर्मचारियों के धार्मिक प्रतीकों पर प्रतिबंध लगाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस फैसले के विरोध में हिंदू उत्सव समिति के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। समिति के अध्यक्ष चन्द्रशेखर तिवारी ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा जारी नोटिस में कर्मचारियों को तिलक, अंगूठी, कड़ा, बाली, मंगलसूत्र और बिंदी जैसे धार्मिक प्रतीक पहनकर कार्यस्थल पर आने से मना किया गया है। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था और परंपराओं पर आघात बताते हुए कहा कि ऐसा निर्णय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
तिलक लगाकर पहुंचने पर कर्मचारी को रोका
एक कर्मचारी ने दावा किया कि जब वह कलावा और तिलक लगाकर फैक्ट्री पहुंचा तो उसे अंदर जाने से रोक दिया गया। इस घटना के बाद कर्मचारियों में नाराजगी का माहौल है।
कंपनी ने प्रोडक्ट क्वालिटी का दिया हवाला
फैक्ट्री के मैनेजर वीएस राजपूत ने बताया कि यह सर्कुलर कंपनी की ओर से जारी किया गया था। उनका कहना है कि इन वस्तुओं के उपयोग से प्रोडक्ट की गुणवत्ता प्रभावित होने और प्रोडक्ट रिजेक्ट होने की आशंका रहती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि समिति की मांग पर विचार करते हुए नोटिस वापस लेने का प्रयास किया जाएगा।
बहिष्कार की चेतावनी
हिंदू उत्सव समिति ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही कंपनी के उत्पादों के बहिष्कार की चेतावनी भी दी है।
शुक्रवार को समिति के कार्यकर्ता भोपाल विकास प्राधिकरण कार्यालय पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन के बाद फैक्ट्री पहुंचे। वहां उन्होंने कर्मचारियों के समर्थन में तिलक लगाया और कलावा बांधा।
फिलहाल मामले में दोनों पक्ष आमने-सामने हैं और अब प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button