Budget Session 2023: विधानसभा में आर्थिक सर्वे पेश, 15 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ी प्रति व्यक्ति आय

मध्य विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। मंगलवार सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद दिवंगत नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव, शांतिभूषण, पूर्व राज्यपाल ओपी कोहली, भूतपूर्व विधायक सखाराम देवकरण पटेल, नंदा मंडलोई, नरेन्द्र प्रताप सिंह, जनक लाल ठाकुर, राधेश्याम शर्मा और भगवत भाऊ नागपुरे को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। शिवराज सरकार ने आज विधानसभा में वर्ष 2022 23 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया।
इस आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 2022-23 में 1,40,583 रुपये हो गई, जो 15.16% की वृद्धि दर्शाती है। वहीं राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि 16.48 प्रतिशत की रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पर कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति बेहतर है। हमारे ऊपर यह आरोप लगाया जाता है कि सरकार काफी ऋण ले रही है लेकिन यह राज्य के सकल घरेलू उत्पाद के अनुपात में 29% है जो 2005 में 39% था।