मध्य प्रदेशराज्य

BREAKING: हाईवे पर दोहरे हादसे का कहर: रेस्क्यू के दौरान अमदरा थाना प्रभारी घायल, तीन की मौत, 20 घायल

सतना/मैहर, यश भारत।नेशनल हाईवे-30 पर रात को रोहनिया के पास हुए दोहरे सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। एक के बाद एक हुए भीषण हादसों में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 20 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी भी शामिल हैं, जो रेस्क्यू अभियान के दौरान दूसरे हादसे की चपेट में आ गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।

 

जानकारी के अनुसार,रोहनिया के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली में सवार कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तथा यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गए।

 

इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक अन्य ट्रक ने सड़क पर खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। दूसरा हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और राहत कार्य में जुटे लोग भी उसकी चपेट में आ गए। थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आईं।

 

घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल मैहर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को बाद में बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया। वहीं कुछ घायलों का इलाज कटनी और अन्य अस्पतालों में भी जारी है।

 हादसे में तीन की मौत

रोहनिया सड़क दुर्घटना में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में—

 

* प्रकाश कुमार लोधी (14 वर्ष), निवासी अतराही, शाहनगर जिला पन्ना

* धीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम रोहनिया, थाना अमदरा जिला मैहर

* एक घायल महिला, जिसकी कटनी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई

 

शाम तक प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में बहाल कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button