पुलिस लाइन ग्राउंड में मिला युवक का शव, हुई शिनाख्त: आर्थिक तंगी के चलते उठाया आत्मघाती कदम

पुलिस लाइन ग्राउंड में मिला युवक का शव, हुई शिनाख्त: आर्थिक तंगी के चलते उठाया आत्मघाती कदम
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर पुलिस लाइन ग्राउंड में बुधवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
शुरुआती जांच में मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस द्वारा आसपास के इलाकों में की गई पड़ताल के बाद मृतक की पहचान कृष्ण शर्मा (35 वर्ष), पिता अशोक शर्मा के रूप में हुई है।
आर्थिक तंगी बनी वजह
प्रारंभिक छानबीन और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक पिछले कुछ समय से गंभीर आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।
कमला नगर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।







