भोपालमध्य प्रदेश

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर प्रदर्शन पर BJP प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल का पलटवार

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर प्रदर्शन पर BJP प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल का पलटवार
भोपाल, यशभारत। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक  हेमंत खण्डेलवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा केंद्रीय कृषि मंत्री  शिवराज सिंह चौहान के निवास पर किए गए विरोध प्रदर्शन को ‘अशोभनीय कृत्य’ बताते हुए कड़ी निंदा की है। खण्डेलवाल ने पटवारी के प्रदर्शन को किसानों के मुद्दों से भटकाव और केवल ‘राजनीतिक स्टंटबाजी’ करार दिया है।
कैमरों के लिए किया गया ‘स्वांग’:
खण्डेलवाल ने आरोप लगाया कि जीतू पटवारी ने बिना किसी पूर्व सूचना के केंद्रीय मंत्री के घर पहुंचकर लोकतांत्रिक परंपराओं का अनादर किया। उन्होंने कहा, “पटवारी सोयाबीन की बात कर रहे थे और प्रदर्शन करने के लिए गेहूं लेकर पहुंच गए। यह स्पष्ट करता है कि उन्हें किसानों की नहीं, बल्कि कैमरों की चिंता है।” खण्डेलवाल ने कहा कि पटवारी के कुर्ते पर माइक लगा था और साथ में कैमरों का पूरा तामझाम मौजूद था, जो दर्शाता है कि यह सिर्फ एक ‘सोशल मीडिया शो’ था। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री  शिवराज सिंह चौहान की सराहना की, जिन्होंने सम्मानपूर्वक पटवारी को अंदर बुलाया और बातचीत की।
अन्न और किसानों की मेहनत का अपमान:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पटवारी द्वारा सड़क पर अनाज (गेहूं) फैलाने को ‘अन्नदेवता का अपमान’ बताया। उन्होंने कहा, “कर्जमाफी के नाम पर किसानों को छलने वाली कांग्रेस ने कभी किसानों के लिए कुछ नहीं किया, और अब उन्होंने अन्न का भी अपमान करना शुरू कर दिया है।” उन्होंने कहा कि पटवारी का यह कृत्य किसानों की मेहनत और भारतीय संस्कृति का अनादर है, जिसके लिए उनकी जितनी भी आलोचना की जाए कम है।
भाजपा सरकार किसानों के लिए समर्पित:
खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस ने 2018 में कर्जमाफी का झूठा वादा कर लाखों किसानों को डिफॉल्टर बना दिया था। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण निधि जैसी योजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा के लिए किसान सर्वोच्च प्राथमिकता में थे, हैं और हमेशा रहेंगे।
खण्डेलवाल ने मांग की है कि कांग्रेस पार्टी और जीतू पटवारी किसानों से किए गए छल और अन्न के अपमान के लिए तुरंत माफी मांगें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button