कोर्ट पेशी से घर लौट रहे बाइक सवार भाईयों को बाइक ने टक्कर मारी, एक की मौत -घायल बड़े भाई अस्पताल में भर्ती, आरोपी बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज

कोर्ट पेशी से घर लौट रहे बाइक सवार भाईयों को बाइक ने टक्कर मारी, एक की मौत
-घायल बड़े भाई अस्पताल में भर्ती, आरोपी बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
राजधानी की जिला अदालत में पेशी पर आए बाइक सवार दो भाईयों को एक अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। हादसे के बाद घायलों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर छोटे भाई को डॉक्टरों ने चेक करने पर मृत घोषित कर दिया। जबकि बड़े भाई का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है। पुलिस ने युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
अरेरा हिल्स थाना पुलिस के मुताबिक ग्राम बिजौरी जिला सीहोर निवासी इरफान खान पुत्र सलीम खां(35) खेती-किसानी करते थे, कल वह अपने बड़े भाई भूरे खां(45)के साथ भोपाल जिला अदालत में किसी मामले की पेशी पर आए हुए थे। दोपहर करीब ढाई बजे दोनों भाई पेशी के बाद बाइक से घर लौटने के लिए निकले। जब वह पुरानी जेल के पास गुजर रहे थे, तभी एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों भाई बाइक समेत सडक़ पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने इरफान को चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके बड़े भाई भूरे खां का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है। युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बाइक की टक्कर से साइकल सवार की मौत-
थाना प्रभारी अरूण शर्मा ने बताया कि नजीराबाद निवासी राम प्रसाद पुत्र बाल किशन अहिरवार(62) घर पर ही रहते थे। मंगलवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे वह किसी काम के सिलसिले में साइकल लेकर घर से निकले थे। जब वह मार्केट में पहुंचे, तभी एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के दौरान कल उनकी मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर लिया है। हादसे में बाइक सवार युवक को भी चोट आई है। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।







