भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल स्टेशन पर खौफनाक हादसा: चलती ट्रेन पकड़ने के चक्कर में मौत से जूझ रहा युवक

भोपाल स्टेशन पर खौफनाक हादसा: चलती ट्रेन पकड़ने के चक्कर में मौत से जूझ रहा युवक

5 सेकंड में 4-5 बार प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच घिसटा, रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो आया सामने

भोपाल, यशभारत। भोपाल रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक युवक के लिए भारी पड़ गई। महज 14 सेकंड के भीतर घटी इस घटना में युवक प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के गैप में फंस गया और बुरी तरह घिसटते हुए पटरियों के नीचे चला गया। घायल युवक को गंभीर अवस्था में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

हादसे का लाइव वीडियो आया सामने
घटना 31 मार्च की रात करीब 11:30 बजे की है। शुक्रवार को इसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में साफ दिख रहा है कि भोपाल-इंदौर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म से रवाना हो चुकी थी। तभी एक युवक दौड़ता हुआ आया और गेट पकड़ने की कोशिश की। गति तेज होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह सीधे प्लेटफॉर्म और कोच के बीच के संकरे हिस्से में जा गिरा।

5 सेकंड तक काल का तांडव
फुटेज के मुताबिक, गिरने के बाद युवक संभल नहीं पाया और ट्रेन की गति के साथ करीब 5 सेकंड तक 4 से 5 बार प्लेटफॉर्म के किनारों से टकराकर घिसटता रहा। अगले ही पल वह ट्रैक की ओर खिंचता चला गया और ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई। वहां खड़े यात्री यह मंजर देखकर चीख पड़े।

पहचान बनी चुनौती, बिहार का रहने वाला होने का अनुमान
जीआरपी पुलिस के मुताबिक, ट्रेन की चपेट में आने से युवक का मोबाइल पूरी तरह चकनाचूर हो गया है। उसके पास से कोई आईडी कार्ड या दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान की जा सके। सूत्रों के अनुसार, युवक बिहार का निवासी हो सकता है। पुलिस फिलहाल उसके परिजनों की तलाश के लिए अन्य स्टेशनों और सोशल मीडिया की मदद ले रही है।

हालत अत्यंत नाजुक
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, हादसे में युवक का एक हाथ पूरी तरह टूट चुका है और सिर में गहरे घाव हैं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button