टिश्यू पर लिखा ‘बम’, 180 यात्रियों की उड़ान थम गई; एक शब्द से मच गया हड़कंप
लखनऊ,

टिश्यू पर लिखा ‘बम’, 180 यात्रियों की उड़ान थम गई; एक शब्द से मच गया हड़कंप
लखनऊ, । चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान के शौचालय में टिश्यू पेपर पर ‘बम’ लिखा हुआ मिला। इस सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट हो गईं और करीब 180 यात्रियों को लेकर रवाना होने वाली फ्लाइट को एप्रन पर ही रोक दिया गया।
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को उड़ान भरने से रोककर सभी आवश्यक जांच प्रक्रियाएं शुरू की गईं। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ, एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों और अन्य संबंधित एजेंसियों ने विमान की गहन तलाशी ली। विमान के हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई, लेकिन किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने इसे झूठी बम सूचना (Hoax) माना। हालांकि, सुरक्षा मानकों का पालन करने में समय लगने के कारण उड़ान निर्धारित समय से विलंब से रवाना हुई। इस दौरान कुछ समय के लिए यात्रियों के बीच चिंता और अफरा-तफरी का माहौल रहा।
इसी बीच, दिल्ली में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। बैंकॉक, गुवाहाटी और नागपुर से दिल्ली जा रही इंडिगो की तीन उड़ानों को एहतियातन लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। मौसम सामान्य होने के बाद इन विमानों को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, डायवर्ट की गई उड़ानों के यात्रियों और चालक दल को लखनऊ में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं, टिश्यू पेपर पर संदेश लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने और पूरे मामले की जांच जारी है।







