भोपाल

दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया युवक नहाते वक्त तालाब में डूबा -दो दोस्त नहाने हुए गहराई में पहुंचे थे

दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया युवक नहाते वक्त तालाब में डूबा
-दो दोस्त नहाने हुए गहराई में पहुंचे थे, एक ने किसी तरह किनारे तक पहुंच कर बचाई अपनी जान
भोपाल यशभारत।
राजधानी के कलियासोत तालाब में मंगलवार को नहाते वक्त डूबने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के वक्त वह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने वहां पहुंचा था, दो दोस्त तालाब में मछली पकडऩे लगे, जबकि दो दोस्त नहाने के लिए तालाब में उतर गए। इसी दौरान दोनों युवक तालाब की गहराई में डूबने लगे, तभी एक युवक हाथ-पैर मारकर किनारे तक पहुंच गया, लेकिन दूसरा तालाब में डूब गया। हादसे की सूचना के बाद नगर निगम के गोताखोरों ने देर शाम को युवक का शव तालाब से बरामद कर लिया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एएसआई रामदरश यादव ने बताया कि मल्टी राहुल नगर निवासी शुभम महाजन पुत्र बसंत महाजन(25) 12 नंबर स्टाप स्थित एक जिम में साफ-सफाई का काम करता था। कल दोपहर वह अपने दोस्त चित्रांश, नितिन व एक अन्य दोस्त के साथ पिकनिक मनाने के लिए सब्जी मंडी के पीछे स्थित सीवेज लाइन कलियासोत तालाब के किनारे पहुंचे थे। सभी साथ में खाना भी लेकर गए थे। इस दौरान सभी ने वहां पर शराब पी। दोपहर करीब ढाई बजे नितिन व एक अन्य युवक तालाब में मछली पकडऩे लगे। जबकि चित्रांश और शुभम शराब के नशे में नहाने के लिए तालाब में उतर गए।
नहाते वक्त गहराई में पहुंचे दोनों दोस्त, एक डूबा-
तालाब में नहाते वक्त चित्रांश और शुभम गहराई में पहुंच गए। इस दौरान चित्रांश किसी तरह हाथ-पैर मारकर किनारे तक पहुंच गया और अपनी जान बचा ली। जबकि शुभम तालाब में डूब गया। इसके बाद तीनों दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों को मदद के लिए बुलाया। इसके बाद पुलिस और नगर निगम के गोताखोरों को सूचना दी गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शाम करीब छह बजे तालाब से शुभम महाजन का शव बरामद किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button