खड़े ट्रक में घुसी बाइक; एक की मौत, दो जिंदगी से जूझ रहे
गोसलपुर थाना क्षेत्र के बरनू तिराहा में सड़क दुघर्टना

जबलपुर यशभारत। बीती रात गोसलपुर थाना क्षेत्र के बरनू तिराहा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी जिससे बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही गोसलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जबलपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि पोड़ी निवासी 20 वर्षीय ललित उर्फ गुलशन चक्रवर्ती अपने साथी आशीष चक्रवर्ती एवं अजय राय के साथ बाइक में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। यह जैसे ही बरनू तिराहा के पास पहुंचे ही थे कि सड़क किनारे खड़े ट्रक से बाइक टकरा गई।
इस दुर्घटना में ललित उर्फ गुलशन चक्रवर्ती को सिर एवं शरीर के अन्य अंगों में गंभीर रूप से चोट आने के कारण मौके पर ही अधिक रक्तस्राव हो गया जिससे उसकी मौत हो गई। वही दुर्घटना में घायल आशीष चक्रवर्ती एवं अजय राय को उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया। जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है।पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद बरनू तिराहा क्षेत्र में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।






