
नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बाजार खुलते ही चांदी 9,050 सस्ती होकर करीब 2.16 लाख प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि सोना 2,360 गिरकर लगभग 1.37 लाख प्रति 10 ग्राम हो गया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी गिरावट का असर दिखा, जहां चांदी करीब 3.85% टूटकर 2,16,500 प्रति किलोग्राम और सोना 1.60% गिरकर 1,37,027 प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव बना रहा। 24 मार्च को कॉमेक्स पर सोने का भाव $4,361.20 प्रति औंस और चांदी $68.30 प्रति औंस दर्ज की गई। विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों (ब्रेंट क्रूड $100 प्रति बैरल के पार) का असर कमोडिटी बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है।
इस महीने की शुरुआत से ही सोना और चांदी दबाव में हैं और दोनों धातुएं चार महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई हैं। घरेलू बाजार में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिससे निवेशकों में सतर्कता बढ़ गई है।







