भोपालः हिंदू परिवार के घर पर पथराव, ‘पलायन के लिए मजबूर’ करने का गंभीर आरोप

भोपालः हिंदू परिवार के घर पर पथराव, ‘पलायन के लिए मजबूर’ करने का गंभीर आरोप
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बैरागढ़ थाना क्षेत्र की 12 नंबर कैंप कॉलोनी में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया है। दो दिन पहले रात में विशेष समुदाय के करीब 30 से अधिक युवकों ने एक हिंदू परिवार के घर पर पथराव कर दिया। पीड़ित हिंदू परिवारों ने जान से मारने की धमकी और लगातार टारगेट किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके चलते कई परिवार पलायन करने को मजबूर हैं।
स्थानीय हिंदू परिवारों का आरोप है कि कॉलोनी के कुछ मुस्लिम युवक उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं। विवाद की शुरुआत सड़क पर हुई मामूली कहासुनी से हुई थी, लेकिन बाद में यह पथराव में बदल गया। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं को अपशब्द कहे और अभद्रता की।
पथराव की घटना के बाद डर के कारण कई हिंदू परिवार घर छोड़कर जा चुके हैं। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने कई बार इसकी शिकायत पुलिस से की, लेकिन कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। पथराव का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर घर के बाहर खड़े होकर पथराव करते दिख रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाला। एडिशनल डीसीपी मलकीत सिंह ने बताया कि बैरागढ़ थाना पुलिस विवाद की सूचना मिलते ही कैंप नंबर 12 पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाला।
एडिशनल डीसीपी ने कहा, “दो-तीन दिन पहले सड़क पर कुछ लड़कों के बीच हुई कहासुनी को लेकर यह विवाद हुआ था। पुलिस ने सभी पक्षों से बातचीत करके स्थिति को शांत कर दिया है।” उन्होंने आगे बताया, “फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।”







