भोपाल पुलिस की 10 अवैध अहातों पर दबिश, 73 शराबखोर गिरफ्तार

भोपाल पुलिस की 10 अवैध अहातों पर दबिश, 73 शराबखोर गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। शहर में अवैध रूप से संचालित अहातों और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी के खिलाफ क्राइम ब्रांच और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर 10 अवैध अहातों पर दबिश दी और 73 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
पूर्व नियोजित थी कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल ने बताया कि शहर में असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व नियोजित रणनीति के तहत 05 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने शनिवार को हबीबगंज, जहांगीराबाद, टीटी नगर, एमपी नगर, मिसरोद, गोविंदपुरा, शाहजहांनाबाद, हनुमानगंज, निशातपुरा, कोतवाली और चुनाभट्टी थाना क्षेत्रों में एक साथ घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। कई आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उन्हें दबोच लिया गया। पकड़े गए सभी 73 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36 बी के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि ये सभी स्थान बिना अनुमति के अवैध रूप से अहाते के रूप में संचालित किए जा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान उनि गोविन्द यादव की टीम ने टीटीनगर, कमलानगर व हबीबगंज क्षेत्र में 17 आरोपी, सउनि विजय सिंह की टीम ने शाहजहांनाबाद में 32 आरोपी, उनि कलीम उद्दीन की टीम ने शाहजहांनाबाद व हनुमानगंज में 12 आरोपी, उनि पारस सोनी की टीम ने कोतवाली व श्यामलाहिल्स में 4 आरोपी और सउनि ओमपाल सिंह की टीम ने चूनाभट्टी क्षेत्र से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया।







