भोपालमध्य प्रदेश

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ भोपाल में आक्रोश, मुस्लिम समाज ने फूंका पुतला

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ भोपाल में आक्रोश, मुस्लिम समाज ने फूंका पुतला

पुतला दहन नहीं, हमारे दिलों की आग है: शमशुल हसन

भोपाल, यशभारत। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रही हिंसा और हत्याओं के विरोध में राजधानी भोपाल के मुस्लिम समाज में गहरा रोष देखा गया। मंगलवार को ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के नेतृत्व में शहर के व्यस्त इतवारा क्षेत्र में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया और बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन किया गया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने भावुक होते हुए कहा, “यह केवल एक पुतला दहन नहीं है, बल्कि हमारे हिंदू भाइयों पर हो रहे जुल्म को देखकर हमारे दिलों में जो आग सुलग रही है, यह उसका प्रकटीकरण है।” उन्होंने बांग्लादेश में हो रही घटनाओं को अमानवीय बताते हुए कहा कि निर्दोषों की सरेआम हत्याएं किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हैं।
कमेटी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह मूकदर्शक न बने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए। हसन ने जोर देकर कहा कि यह केवल एक धर्म का मामला नहीं है, बल्कि मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। भारत सरकार को कड़े कदम उठाकर वहां रहने वाले अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करानी चाहिए।

एकजुटता और शांति का संदेश
प्रदर्शनकारियों ने एक सुर में मांग की कि बांग्लादेश में तत्काल हिंसा रोकी जाए। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराते हुए सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button