ईंधन के बढ़ते दामों के खिलाफ भोपाल में महिला कांग्रेस का हल्लाबोल, नानके पेट्रोल पंप पर जोरदार प्रदर्शन

ईंधन के बढ़ते दामों के खिलाफ भोपाल में महिला कांग्रेस का हल्लाबोल, नानके पेट्रोल पंप पर जोरदार प्रदर्शन
भोपाल,यशभारत। पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में शनिवार को महिला कांग्रेस मोर्चा ने राजधानी के नानके पेट्रोल पंप पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और केंद्र सरकार तथा तेल कंपनियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने ईंधन की बढ़ती कीमतों को राज्यों और आम नागरिकों की जेब पर एक गंभीर आर्थिक बोझ बताया।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना था कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से देश में चौतरफा महंगाई बढ़ रही है। इससे परिवहन लागत में इजाफा हुआ है, जिसके कारण दैनिक जीवन की अनिवार्य वस्तुओं और राशन के दामों में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। मोर्चा की नेत्री ने सरकार को घेरते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम परिवारों का गुजारा करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार को तत्काल प्रभाव से ईंधन पर लगने वाले टैक्स को कम कर आम जनता को राहत देनी चाहिए।
बैरिकेड लगाकर जताया सांकेतिक विरोध
कांग्रेसी नेतृत्व के मार्गदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने नानके पेट्रोल पंप पर बैरिकेड लगाकर सांकेतिक रूप से अपना विरोध दर्ज कराया। महिलाएं हाथों में प्लेकार्ड और बैनर थामे हुए थीं, जिन पर देशव्यापी तेल कीमतों में वृद्धि को लेकर नीतिगत बदलाव की मांग की गई थी। इस दौरान कुछ महिलाएं पेट्रोल पंप के सामने जमीन पर ही धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शन के दौरान महंगाई हटाओ, महिला परिवार बचाओ और तेल कर घटाओ जैसे नारे गूंजते रहे।







