भोपाल में सक्रिय फिरौती गिरोह का भंडाफोड़: मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार

भोपाल में सक्रिय फिरौती गिरोह का भंडाफोड़: मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश पुलिस की SIT और STF टीम ने भोपाल के कोलार रोड इलाके में सक्रिय एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है जो व्हाट्सएप कॉल के जरिए लोगों को धमकाकर फिरौती मांगता था। पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशानुसार गठित विशेष टीम ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड आनंद मिश्रा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह बेहद शातिराना तरीके से फरियादी के घर की रेकी करता था और उसका वीडियो बनाकर फिरौती की मांग करता था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल था।
पुलिस की विस्तृत जांच में सामने आया कि गिरोह का सदस्य निर्मल तिवारी, जो उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का निवासी है, रेकी करने और वीडियो बनाने का मुख्य काम करता था। उसे 16 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में निर्मल ने खुलासा किया कि इस पूरे आपराधिक षड्यंत्र का मास्टरमाइंड आनंद मिश्रा है, जो उसे आर्थिक मदद और निर्देश देता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आनंद मिश्रा नेपाल भागने की फिराक में था, जिसे SIT और STF ने 20 अप्रैल को एक त्वरित ऑपरेशन के दौरान दबोच लिया। मामले में तीसरे आरोपी जे.पी. डारा, जो राजस्थान के बीकानेर का निवासी है, को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी डारा गिरोह को अपराध करने के लिए संसाधन और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता था।






