भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल: सगाई में जा रहे परिवार पर टूटा कहर, ई-रिक्शा पलटने से 9 माह के मासूम की मौत

भोपाल: सगाई में जा रहे परिवार पर टूटा कहर, ई-रिक्शा पलटने से 9 माह के मासूम की मौत
खड़ी कार से टकराने के बाद हुआ हादसा; मां और दादा समेत तीन घायल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के चूनाभट्टी इलाके में रविवार रात एक सड़क हादसे में 9 माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और दादा समेत तीन लोग घायल हो गए। परिवार ई-रिक्शा में सवार होकर कोलार में एक सगाई कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। यह दुर्घटना तब हुई जब तेज रफ्तार ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ी एक कार से टकराकर पलट गया।
गोद से उछलकर गिरा मासूम
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पत्रकार कॉलोनी निवासी शिव कुमार का परिवार रविवार रात ई-रिक्शा से कोलार जा रहा था। रिक्शा में शिव कुमार की पत्नी सुरेखा अपने 9 माह के बेटे प्रथम को गोद में लेकर बैठी थीं। ऑटो में दादा मोहन ठाकुर समेत कुल सात लोग सवार थे। जैसे ही ई-रिक्शा चूनाभट्टी क्षेत्र से गुजर रहा था, वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक कार से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में मासूम प्रथम अपनी मां की गोद से उछलकर जमीन पर जा गिरा। बताया गया है कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सगाई की खुशियां मातम में बदलीं
हादसे में मासूम की मां सुरेखा, दादा मोहन ठाकुर और एक अन्य महिला घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक प्रथम के परिवार वालों ने बताया कि परिवार उनके सबसे छोटे भाई की सगाई का कार्यक्रम कोलार में होने के कारण वहां जा रहा था। घर में सगाई की खुशियां थीं, लेकिन रास्ते में हुई इस दुर्घटना ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं। उन्होंने घटना के लिए ई-रिक्शा चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया, जिसने लापरवाही से वाहन चलाते हुए खड़ी कार में टक्कर मार दी।
चालक पर केस की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों का इलाज कराया। चूनाभट्टी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में चालक की लापरवाही सामने आने के बाद अब पुलिस जल्द ही ई-रिक्शा चालक के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button