डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती वर्ष पर प्रदेशभर में होंगे विशेष कार्यक्रम
Special programs will be held across the state to mark the birth anniversary year of Dr. Syama Prasad Mookerjee

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती वर्ष पर प्रदेशभर में होंगे विशेष कार्यक्रम
भोपाल यश भारत। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें जयंती वर्ष के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार 23 जून से 6 जुलाई तक प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महापौरों और नगर पालिका अध्यक्षों से चर्चा कर कार्यक्रमों के सफल आयोजन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका संपूर्ण जीवन देशहित और राष्ट्रीय एकीकरण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि यह पखवाड़ा युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और राष्ट्रनिर्माण के मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस विशेष पखवाड़े में श्रद्धांजलि सभाएं विचार गोष्ठियां संगोष्ठियां और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि डॉ. मुखर्जी के विचारों और योगदान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्म 6 जुलाई 1901 को हुआ था जबकि 23 जून 1953 को उनका निधन हुआ था। उनके सम्मान में आयोजित यह पखवाड़ा 6 जुलाई को जयंती कार्यक्रमों के साथ संपन्न होगा।







