बरेला सड़क हादसा: वेंटिलेटर पर भर्ती तीन मजदूरों की मौत, मृतकों की संख्या पहुंची 5
Barela road accident: Three labourers on ventilators die, death toll reaches 5

बरेला सड़क हादसा: वेंटिलेटर पर भर्ती तीन मजदूरों की मौत, मृतकों की संख्या पहुंची 5
जबलपुर, यश भारत।जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में इलाज के दौरान वेंटिलेटर पर भर्ती तीन मजदूरों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों की कुल संख्या पांच हो गई है। हादसा उस वक्त हुआ, जब मजदूर सड़क किनारे बैठकर दोपहर का भोजन कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया।
घटना में पहले ही दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन अन्य मजदूरों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान पहले गोमता बाई की मौत हुई, इसके बाद हालत नाजुक होने पर वेंटिलेटर पर रखी गई वर्षा बाई और कृष्णा बाई ने भी दम तोड़ दिया। तीनों की मौत वेंटिलेटर पर इलाज के दौरान हुई है, जिससे हादसे की भयावहता और सामने आई है।
मृतकों में चैनवती, लच्छो बाई, गोमता बाई, वर्षा बाई और कृष्णा बाई शामिल हैं। सभी मृतक जबलपुर और मंडला जिले के बम्होरी गांव की निवासी बताई जा रही हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए। शेष घायलों का इलाज अभी जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, दिनदहाड़े मजदूरों को कुचलने वाली कार को पुलिस ने पकड़ लिया है। वाहन का नंबर MP-20-XB-1460 बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है।







