बैक कर्मचारियों का आंदोलन तेज, 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का ऐलान – पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह सहित कई मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे कर्मचारी

बैक कर्मचारियों का आंदोलन तेज, 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का ऐलान
– पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह सहित कई मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे कर्मचारी
– एमपी नगर समेत कई मार्गों पर रैली से जाम के हालात
देखें वीडियो —
भोपाल, यश भारत। पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों का देशव्यापी आंदोलन तेज हो गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों ने एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दौरान प्रदर्शन और रैली निकाली। भोपाल में एमपी नगर सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों पर कर्मचारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। रैली के कारण कुछ मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल
बैंक यूनियनों ने आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल का ऐलान किया है। यूनियनों के मुताबिक यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है। इससे बैंकिंग सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने की आशंका है।
पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में तत्काल पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है। यूनियनों का कहना है कि लंबे समय से इस मांग को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन के समक्ष पक्ष रखा जा रहा है, लेकिन अपेक्षित निर्णय नहीं हुआ है। इसके अलावा सरकार की ओर से एकतरफा लागू की गई एलपीए स्कीम को वापस लेने और पीएलए योजना में बदलाव यूनियनों के साथ द्विपक्षीय बातचीत के माध्यम से करने की मांग की गई है।
रैली से कई मार्गों पर यातायात प्रभावित
भोपाल में हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने एमपी नगर सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर रैली निकालकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों के सड़कों पर उतरने से कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। कई स्थानों पर वाहनों की कतार लग गई और जाम के हालात बने। इससे आम वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बैंक शाखाओं में कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण नियमित बैंकिंग कामकाज भी प्रभावित रहा।
सामूहिक सौदेबाजी पर जोर
यूएफबीयू से जुड़े एआईबीईए, एआईबीओसी, एनसीबीई, एआईबीओए, बीईएफआई, एनओबीएफ और आईएनबीओसी सहित विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन को समर्थन दिया है। यूनियनों ने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े लंबित मुद्दों का समाधान सामूहिक सौदेबाजी और द्विपक्षीय संवाद के जरिए किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि कर्मचारियों के अधिकारों और सामूहिक सौदेबाजी की प्रक्रिया को कमजोर नहीं किया जाना चाहिए।
आंदोलन जारी रखने का संकेत
बैंक यूनियनों ने कर्मचारियों से आंदोलन के दौरान एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। तीन दिवसीय हड़ताल के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी से आने वाले दिनों में बैंकिंग सेवाओं पर असर बढ़ने की संभावना है।







