बाजारों में तारों का जाल, हादसे का खतरा बढ़ा त्योहारी सीजन से पहले चौक बाजार व्यापारी संघ ने बिजली विभाग को सौंपा ज्ञापन, तार व्यवस्थित करने की मांग

बाजारों में तारों का जाल, हादसे का खतरा बढ़ा
त्योहारी सीजन से पहले चौक बाजार व्यापारी संघ ने बिजली विभाग को सौंपा ज्ञापन, तार व्यवस्थित करने की मांग
भोपाल यश भारत। शहर के घने और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में बिजली के खंभों पर बेतरतीब तरीके से लगे तारों का जाल हादसे को न्योता दे रहा है। कई स्थानों पर बिजली के तार खंभों के साथ-साथ सड़क के ऊपर तक लटके हुए हैं। आगामी त्योहारी सीजन और झांकियों के आयोजन को देखते हुए चौक बाजार व्यापारी संघ ने विद्युत विभाग से इन तारों को तत्काल व्यवस्थित कराने की मांग की है। चौक बाजार व्यापारी संघ ने 11 सितंबर को मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर बाजार क्षेत्रों में फैले तारों के जाल को व्यवस्थित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की। संघ ने ज्ञापन में कहा कि घने बाजारों में तारों की अव्यवस्थित स्थिति के कारण कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। व्यापारियों के अनुसार, करीब 18 माह पहले लखेरापुरा क्षेत्र में तीन दुकानों में आग लगने की घटना हो चुकी है, जिसमें लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली व्यवस्था की तत्काल जांच और सुधार जरूरी है।
झांकियों के दौरान बढ़ सकता है जोखिम
व्यापारी संघ ने कहा कि त्योहारों का समय शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों से झांकियां भी निकाली जाएंगी। ऐसे में सड़क के ऊपर और नीचे तक लटकते तार गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। झांकी जुलूस और बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही के दौरान तारों के संपर्क में आने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
इन बाजारों में तार व्यवस्थित करने की मांग
संघ ने लखेरापुरा नदीम रोड इब्राहिमपुरा लोहा बाजार मारवाड़ी रोड कोतवाली रोड और ललवानी रोड सहित अन्य घने बाजार क्षेत्रों में बिजली के तारों को व्यवस्थित कराने की मांग की है। व्यापारी संघ का कहना है कि यह केवल व्यापारियों की समस्या नहीं बल्कि जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। इसलिए विद्युत विभाग को त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि बाजारों में किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। ज्ञापन में संघ ने विद्युत विभाग से जनहित में उचित और शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है। ज्ञापन पर अध्यक्ष शैलेन्द्र सोनी और सचिव अभिषेक जैन अब्बू मौजूद रहे







