बैंक रहे बंद, लटके रहे ताले, कारोबार प्रभावित; मांगों को लेकर बैंककर्मियों का जोरदार प्रदर्शन
26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

जबलपुर,यश भारत। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय बैंक हड़ताल का जबलपुर में भी असर रहा। शहर के विभिन्न बैंकों में कामकाज प्रभावित रहा और कई शाखाओं में ताले लटके रहे। हड़ताल के समर्थन में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक पर एकत्र होकर नारेबाजी और जोरदार प्रदर्शन किया। हड़ताल के माध्यम से बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) द्वारा प्रस्तावित परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) को लेकर आपत्ति तथा कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई। बैंक बंद रहने से नियमित बैंकिंग सेवाओं के साथ कारोबार भी प्रभावित हुआ।
यूएफबीयू जबलपुर इकाई के संयोजक अभिषेक कुमार सिन्हा ने कहा कि बैंक कर्मचारी और अधिकारी देश की अर्थव्यवस्था तथा बैंकिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल में विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों और अधिकारियों की भागीदारी से स्पष्ट है कि लंबित मांगों को लेकर बैंकिंग बिरादरी एकजुट है। मांगों का शीघ्र और सकारात्मक निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई।
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार लंबित मांगों का समाधान नहीं होने पर सितंबर के अंत में तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद भी मांगों का संतोषजनक निराकरण नहीं हुआ तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की दिशा में कदम उठाया जा सकता है। प्रदर्शन में अभिषेक कुमार सिन्हा, प्रशांत खरे, चंदन कुमार, दीपशिखा पटेल, एचपी पटेल, प्रमोद बोरकर, विकास श्रीवास्तव, पंकज कुमार, आशीष खरे, तनिष्या सिंह, आकाश डिंगोनिया, सुशीत गुप्ता, दिनेश वर्कठे, सचिन मटेल, मोहित रिंगे, राकेश गुप्ता और प्रकाश स्तंगहाले सहित विभिन्न बैंकों के कर्मचारी एवं अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।






