पंडित चिंतामणी प्यासी का दुखद निधन, छत से कूदकर उठाया आत्मघाती कदम, शिष्यों में शोक की लहर

कटनी, यशभारत। सूफी संत नगर निवासी प्रतिष्ठित पुरोहित पंडित चिंतामणी प्यासी का दुखद निधन हो गया। बताया जा रहा है कि कल उन्हें पैर और कमर की हड्डी टूटने की वजह से डॉक्टर ऋषि जैन की अस्पताल मेंं भर्ती कराया गया था, जहां दोपहर बाद इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। क्षेत्र में चर्चा है कि वे कुछ समय से पारिवारिक कारणों से परेशान रहते थे और व्यथित होकर कल सुबह उन्होंने अपने निवास की छत से कूदने का आत्मघाती कदम उठा लिया। छत से गिरने के बाद परिवारजन और क्षेत्र के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। पंडित चिंतामणी प्यासी ने लंबे समय तक पुरानी बस्ती स्थित मसुरहा वार्ड में निवास किया एवं पिछले कुछ समय से वे अपना मकान सूफी संत नगर में बनवाकर रह रहे थे। उनके अनेक शिष्य हैं, जो दुखी हैं। पुरानी बस्ती क्षेत्र के अनेक घरों में पूजा पाठ के कार्यक्रम वे ही संपन्न कराते थे, इसके अलावा गौतम गली स्थित शंकर जी के मंदिर से वे नियमित तौर पर जुड़े रहते थे। उनके असमय निधन की खबर से शोक व्याप्त हो गया।








