जमीन के पट्टे और मालिकाना हक का मुद्दा राजधानी में उठाएगा कटनी का सिंधी समाज, भोपाल में 12-13 सितंबर को प्रादेशिक सिंधी सम्मेलन का आयोजन

कटनी, यशभारत। मध्यप्रदेश सिंधु भवन ट्रस्ट भोपाल द्वारा 12 एवं 13 सितंबर को भोपाल में प्रादेशिक सिंधी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में कटनी सहित प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में सिंधी समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कटनी से भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। बताया जाता है कि प्रादेशिक सिंधी सम्मेलन में कटनी में सिंधी समाज की पट्टे की समस्या को प्रमुखता से उठाकर इसके निराकरण के लिए सरकार का ध्यान आत्कृष्ट कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य समाज से जुड़ी वर्तमान समस्याओं, भूमि पट््टे, उनके निराकरण तथा समाज की भविष्य की दिशा पर विचार विमर्श करना है। सम्मेलन में सामाजिक संगठनों की भूमिका और समाजहित में किए जा रहे कार्यों पर भी चर्चा होगी। समाजसेवी संजय खूबचंदानी ने बताया कि सिंधी भाषा, साहित्य, कला संस्कृति, प्रतिभाओं के सम्मान के साथ ही ट्रस्ट अब प्रदेश के सिंधियों की समस्याओं को लेकर प्रयास कर रहा है। मप्र सिंधु भवन ट्रस्ट प्रदेश भर के सिंधियों को एक मंच पर जमा कर सरकार से अपनी मांगों को मनवाने के लिए प्रांतीय सिंधी महा सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। मप्र सिंधु भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेन्द्र मनवानी और सम्मेलन का संयोजक इंदौर के वरिष्ठ समाजसेवी ईश्वरदास झामनानी को बनाया गया है। सम्मेलन में प्रदेश भर की छोटे बड़े सभी क्षेत्रों की सिंधी पंचायतों और उन संगठनों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जा रहा है। समाज के प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ समाजसेवी झमटमल ठारवानी, कटनी पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंदूलाल जादवानी, माधवनगर पूज्य सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष वीरेंद्र तीर्थानी, गोविंद सचदेवा, प्रकाश आहूजा, निरंजन पंजवानी, पार्षद श्याम पंजवानी, साजन सचदेवा, खियल चावला, राजकुमार रोहरा, अमर पुरुसवानी प्रेम बत्रा, पार्षद गोविंद चावला, संजय खूबचंदानी, सुरेश केसवानी, राहुल होतवानी, रवि प्रथ्यानी शामिल होकर कटनी की समस्याओं पर चर्चा करेंगे एवं समाजबंधुओं से सम्मेलन में सहभागी बनने की अपील की गई है।







