सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालक पर चाकू से हमला, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालक पर चाकू से हमला, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
भोपाल,यशभारत। राजधानी के हबीबगंज थाना इलाके में सवारी बैठाने की बात को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बलराम अहिरवार अंकुर क्रिकेट ग्राउंड के पास अपने ऑटो में सवारी बैठा रहा था। इसी बीच वहां पहुंचे गौरव कामले और उसके साथी ने इस बात पर आपत्ति जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गौरव ने अपने पास रखे चाकू से बलराम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल बलराम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हबीबगंज थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी गौरव कामले और उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।







