मध्य प्रदेशराज्य

दर्दनाक सड़क हादसा: पुल की रेलिंग तोड़ 50 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रक, चालक की मौत

सतना, यश भारत । अमरपाटन क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक झिन्ना नाले के पास पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट गहरी सूखी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सूखे नाले में गिर गया और नाले के किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके भीतर फंस गया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को ट्रक के केबिन से बाहर निकाला गया। हालांकि हादसा इतना गंभीर था कि चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों द्वारा घायल चालक को तत्काल सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान प्रभु के रूप में बताई जा रही है।

 

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button