मूर्तिकार मनोज सोनकर हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार
रंजिश में हत्या की साजिश का खुलासा

जबलपुर, यश भारत। हनुमानताल थाना क्षेत्र में मूर्तिकार मनोज सोनकर उर्फ बाबा (50) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी निक्की चौधरी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी शुभम मराठा की बहन स्वाती राव उर्फ शीनू और बाबा टोला निवासी सुमित चौधरी को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल के अनुसार, पंजाब बैंक कॉलोनी निवासी निक्की चौधरी वारदात के समय मुख्य आरोपी शुभम के साथ मौके पर मौजूद था। जांच में उसकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
रंजिश में हत्या की साजिश का खुलासा
पुलिस जांच के अनुसार स्वाती ने अपने पति सुब्बा राव, भाई शुभम और भरत यादव उर्फ चिंटू के साथ मिलकर मनोज सोनकर की हत्या की योजना बनाई थी। सुमित चौधरी पर मनोज की रैकी कर उसकी गतिविधियों की जानकारी आरोपियों तक पहुंचाने और वारदात के बाद उनके भागने में मदद करने का आरोप है।
2021 की हत्या का बदला लेने की बात
पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर की रात मनोज मूर्ति बना रहा था, तभी शुभम और भरत वहां पहुंचे और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश स्वाती के घर में तैयार की गई थी। पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में मनोज के बेटों अनिकेत और छोटू ने शुभम और स्वाती के भाई बिट्टू मराठा की चाकू मारकर हत्या की थी। इसी पुरानी रंजिश में मनोज की हत्या की योजना बनाए जाने की बात सामने आई है।





