प्लॉटिंग की शिकायत के बाद कारोबारी के घर फायरिंग का आरोप – पुलिस का कहना गोली चलाने के तथ्य नहीं मिले

प्लॉटिंग की शिकायत के बाद कारोबारी के घर फायरिंग का आरोप
– पुलिस का कहना गोली चलाने के तथ्य नहीं मिले
भोपाल, यश भारत। रातीबड़ थाना क्षेत्र के गोरेगांव में अवैध प्लॉटिंग की शिकायत करने वाले 60 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी के घर देर रात फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। कारोबारी संतोष सिंह तोमर ने आरोप लगाया है कि गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे आधा दर्जन से अधिक बदमाश एसयूवी से उनके घर पहुंचे। उन्होंने घर के गेट के बाहर दो राउंड फायर किए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने गांव में रहने वाले लखन मारण पर घटना के पीछे होने का संदेह जताया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में चल रही अवैध प्लॉटिंग को लेकर उनके द्वारा शिकायत किए जाने के बाद से विवाद की स्थिति बनी हुई है। इसी विवाद के चलते हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल घर के बाहर फायरिंग होने की पुष्टि नहीं की है। रातीबड़ थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा के मुताबिक, पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में फिलहाल कोई व्यक्ति गोली चलाते हुए दिखाई नहीं दे रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के दौरान मौके पर पहुंचे लोगों, आसपास के कैमरों और कारोबारी द्वारा बताए गए घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कथित फायरिंग की घटना से जुड़े कोई अन्य साक्ष्य मौके से मिलते हैं या नहीं। फिलहाल मामला कारोबारी के आरोप और पुलिस की जांच के बीच है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग और धमकी के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







