दिल्ली से इंडिगो की सभी घरेलू उड़ानें रद्द; देश भर में 500 से अधिक फ्लाइट्स पर असर

दिल्ली से इंडिगो की सभी घरेलू उड़ानें रद्द; देश भर में 500 से अधिक फ्लाइट्स पर असर
तकनीकी दिक्कतों से जूझ रही एयरलाइन, यात्रियों में भारी आक्रोश; जीएमआर ने 10 फरवरी तक मांगी मोहलत
भोपाल, यशभारत। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो गंभीर ऑपरेशनल समस्याओं के कारण शुक्रवार को बड़े पैमाने पर व्यवधान का सामना कर रही है। दिल्ली एयरपोर्ट ऑपरेटर जीएमआर ने घोषणा की है कि एयरलाइन की लगातार जारी दिक्कतों को देखते हुए, आज रात 12 बजे तक दिल्ली से इंडिगो की सभी प्रस्थान घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
यह फैसला एयरलाइन के खराब प्रदर्शन को देखते हुए लिया गया है, जिसमें प्रमुख रूप से क्रू की कमी और तकनीकी मुद्दे शामिल हैं। इस अभूतपूर्व रद्दीकरण के कारण दिल्ली से उड़ान भरने वाले 400 से अधिक यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर सीधा असर पड़ा है।
देश भर में 600 से अधिक उड़ानें रद्द
ऑपरेशनल संकट केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। आज, 5 दिसंबर को, इंडिगो को देश भर में कुल 600 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं, जो कि पिछले दिनों के मुकाबले एक नया रिकॉर्ड है।
प्रमुख प्रभावित शहरों में रद्द उड़ानों की संख्या
दिल्ली: 225
मुंबई: 104
बेंगलुरु: 102
हैदराबाद: 92
चेन्नई: 31
पुणे: 22
बताया गया है कि इंडिगो पिछले तीन दिनों से गंभीर ऑपरेशनल समस्याओं से जूझ रही है। गुरुवार को एयरलाइन ने एक दिन में रिकॉर्ड 550 उड़ानें रद्द की थीं, जिसके कारण इसकी समयबद्धता गिरकर मात्र 19.7% रह गई थी। एयरलाइन ने सरकार से इस समस्या को दूर करने के लिए 10 फरवरी तक की मोहलत मांगी है।
यात्रियों में भारी गुस्सा
पिछले तीन दिनों से लगातार आ रही ऑपरेशनल परेशानियों के कारण यात्रियों में भारी आक्रोश है। एयरपोर्ट्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यात्री इंडिगो के प्रति अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। कई यात्रियों को बिना किसी पूर्व सूचना के अंतिम समय पर उड़ानें रद्द होने से बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।
एयरपोर्ट ऑपरेटर ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी फ्लाइट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस वैरिफाई करें और किसी भी जानकारी के लिए सीधे एयरलाइन से संपर्क करें। इंडिगो और एयरपोर्ट का कहना है कि उनकी टीमें इन परेशानियों को जल्द से जल्द दूर करने के लिए लगातार ग्राउंड पर काम कर रही हैं।






