एयरपोर्ट में सीलिंग मरम्मत के दौरान गिरा कर्मचारी, इलाज के दौरान मौत
जहां कुछ घंटों बाद उसकी मौत हो गई।

एयरपोर्ट में सीलिंग मरम्मत के दौरान गिरा कर्मचारी, इलाज के दौरान मौत
राजधानी रायपुर के माना स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे में घायल कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। एयरपोर्ट परिसर में सीलिंग मरम्मत का काम करते समय कर्मचारी अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।जानकारी के मुताबिक कर्मचारी एयरपोर्ट की ऊंची छत पर मरम्मत कार्य कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि काम के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे कंक्रीट फर्श पर आ गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एयरपोर्ट स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ घंटों बाद उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और ठेकेदार की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। चश्मदीदों के अनुसार कर्मचारी बिना सेफ्टी बेल्ट और सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहा था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी ऊंचाई पर सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना काम कैसे कराया जा रहा था।इस हादसे ने एयरपोर्ट परिसर में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में घटना को लेकर नाराजगी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और एयरपोर्ट प्रबंधन से भी जानकारी ली जा रही है।







