भोपाल

पटवारी, चौधरी के बाद सिंघार को दिल्ली बुलाया 

पटवारी, चौधरी के बाद सिंघार को दिल्ली बुलाया

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल जल्द संभावित है। हाल ही में मांडू में हुए विधायकों के प्रशिक्षण शिविर के तत्काल बाद कांग्रेस के बड़े नेता जिस तरह से दिल्ली गए हैं, उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश में जल्द ही जिलाध्यक्षों की नई नियुक्तियां हो सकती हैं। दरअसल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और संगठन प्रभारी हरीश चौधरी शिविर समाप्त होते ही दिल्ली चले गए थे। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को भी दिल्ली बुलाया गया है। इसकी वजह से जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के कयासों को बल मिला है। खबर है कि दिल्ली में तीनों नेताओं की वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकातें जारी हैं। सूत्रों की माने तो कांग्रेस के ऑब्जर्वरों ने सभी जिलों की रिपोर्ट पहले ही आलाकमान को सौंप दी है और अब नामों पर औपचारिक मुहर लगना ही बाकी है। संभावना है कि तीनों नेताओं की राहुल गांधी से भी मुलाकात हो सकती है। दरअसल, प्रदेश संगठन में लंबे समय से जिलाध्यक्षों के बदलाव की मांग उठती रही है। वर्तमान में कई जिले ऐसे हैं जहां अध्यक्षों के पद रिक्त हैं या लंबे समय से कोई बदलाव नहीं हुआ है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बार नियुक्तियों में संगठन की मजबूती, युवाओं की भागीदारी और चुनावी रणनीति को प्राथमिकता दी जा रही है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि जुलाई के अंत या अगस्त के पहले सप्ताह में जिलाध्यक्षों की पहली सूची जारी की जा सकती है। खास बात यह है कि इस बार नियुक्त होने वाले जिलाध्यक्षों को अधिक जिम्मेदारी और अधिकार दिए जाएंगे, जिससे वे आगामी चुनावों में अहम भूमिका निभा सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button