सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद छात्रा से दरिंदगी: इंजीनियरिंग छात्र ने बंधक बनाकर किया रेप

सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद छात्रा से दरिंदगी: इंजीनियरिंग छात्र ने बंधक बनाकर किया रेप
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एक इंजीनियरिंग छात्र ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद छात्रा को प्रेम जाल में फंसाया और फिर डरा-धमकाकर उसके साथ ज्यादती की। आरोपी छात्रा को जान से मारने की धमकी देकर पिछले एक महीने से उसका शोषण कर रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय पीड़िता शहर के एक निजी कॉलेज की छात्रा है। करीब एक महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान आयुष पसथारिया नामक युवक से हुई थी, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और दोस्ती प्रेम प्रसंग में बदल गई।
मुलाकात के बहाने कमरे पर ले गया आरोपी
पुलिस ने बताया कि अप्रैल माह में आरोपी आयुष ने छात्रा को मिलने के बहाने बुलाया और बहला-फुसलाकर अपने किराए के कमरे पर ले गया। वहां आरोपी ने अपना असली रूप दिखाते हुए छात्रा को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद भी आरोपी लगातार छात्रा को डराकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
परेशान होकर पीड़िता पहुंची थाने
आरोपी की प्रताड़ना और लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और बुधवार दोपहर पिपलानी थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल केस दर्ज किया और देर रात दबिश देकर आरोपी आयुष पसथारिया को हिरासत में ले लिया।






