20 साल बाद बिहार में सत्ता पलट! सम्राट चौधरी बने मुख्यमंत्री, शपथ समारोह में जुटे दिग्गज नेता
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी. नड्डा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रमुख रूप से मौजूद रहे

पटना। बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां करीब दो दशकों बाद सत्ता परिवर्तन हुआ और सम्राट चौधरी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया। बुधवार को पटना स्थित लोक भवन में राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में जेडीयू कोटे से बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली। माना जा रहा है कि आने वाले समय में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है।
समारोह से पहले ही लोक भवन में हलचल तेज हो गई थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी ने मंच पर पहुंचकर सभी का अभिवादन किया। इस दौरान कई बड़े नेता कार्यक्रम में शामिल हुए, जिनमें केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह,बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी. नड्डा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
वहीं, आरजेडी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बरी सिद्दीकी की उपस्थिति ने समारोह को और राजनीतिक रूप से अहम बना दिया। कुछ ही देर बाद पूर्व मुख्यमंत्री नितीश कुमार भी कार्यक्रम में पहुंचे, जिनकी मौजूदगी पर सभी की निगाहें टिकी रहीं। पूरे शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। नई सरकार के गठन के साथ ही बिहार में विकास और प्रशासन को लेकर नई उम्मीदें जताई जा रही हैं।







