एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामला: सीबीआई को मिली दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट

एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामला: सीबीआई को मिली दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट
भोपाल, यशभारत। राजधानी में चर्चित एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जांच एजेंसी को मामले से जुड़ी दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट बंद लिफाफे में सौंप दी गई है। सीबीआई अब इस रिपोर्ट का बेहद बारीकी से अध्ययन कर रही है।
गौरतलब है कि पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ट्विशा के शरीर पर चोटों के निशान होने का उल्लेख था। अब सीबीआई यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये चोटें सामान्य थीं या फिर घटना से जुड़े किसी गहरे और अहम तथ्य की ओर इशारा कर रही हैं। फिलहाल जांच टीम का मुख्य केंद्र ट्विशा के गर्भवती होने, गर्भपात कराने और उसके बाद पैदा हुई रहस्यमयी परिस्थितियों के इर्द-गिर्द घूम रहा है। सीबीआई घटनास्थल के हालात, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को जोड़कर पूरी तस्वीर साफ करने में जुटी है।
फांसी के फंदे का डमी ट्रायल और डिजिटल डेटा की रिकवरी
सीबीआई की टीम फांसी के फंदे से जुड़े तथ्यों को भी गहराई से समझने का प्रयास कर रही है। इसके लिए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साक्ष्यों के साथ डमी ट्रायल भी किया गया है। अधिकारियों का मानना है कि जब तक सभी वैज्ञानिक और मेडिकल पहलुओं की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
इसके साथ ही, डिजिटल सबूतों को जुटाने के लिए ट्विशा के मोबाइल फोन और लैपटॉप की जांच की जा रही है। टीम दोनों उपकरणों से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर करने में जुटी है, ताकि डिलीट हो चुकीं चैट, कॉल रिकॉर्ड, फोटो और वीडियो के जरिए घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
आरोपियों से दोबारा हो सकती है पूछताछ
इस मामले में ट्विशा की सास व पूर्व जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह वर्तमान में भोपाल की केंद्रीय जेल में बंद हैं। दोनों पर मृतका को सुसाइड के लिए उकसाने, दहेज मांगने, प्रताड़ित करने और धमकाने जैसे गंभीर आरोप हैं। सूत्रों के अनुसार, दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और नए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सीबीआई दोनों आरोपियों को प्रोटेक्शन वारंट पर जेल से दोबारा रिमांड पर ले सकती है, ताकि नए तथ्यों के साथ उनका सामना कराया जा सके। फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट और घटनास्थल के तथ्यों का मिलान जारी है।





