पुराने शहर में अतिक्रमण पर कार्रवाई, जब्त किया सामान

पुराने शहर में अतिक्रमण पर कार्रवाई, जब्त किया सामान
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पुराने शहर के व्यस्ततम बाजारों में रविवार को नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया। सड़क घेरे खड़े अवैध कब्जों और बेतरतीब दुकानों के खिलाफ निगम का अमला सुबह से ही सक्रिय नजर आया। इस दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में ठेले, गुमठियां, पान पार्लर के काउंटर और दुकानों के बाहर रखे बोर्ड-टेबल जब्त किए।
बाजारों में मचा हड़कंप
नगर निगम की टीम जैसे ही चौक बाजार, जुमेराती और पीर गेट जैसे क्षेत्रों में पहुंची, दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए, लेकिन निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सड़कों और फुटपाथों पर रखे सामान को तुरंत जब्त कर लिया।
यातायात को सुगम बनाना मुख्य उद्देश्य
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, पुराने शहर की गलियों में अतिक्रमण के कारण एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं का निकलना भी दूभर हो गया था। स्थानीय निवासियों और राहगीरों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आयुक्त के निर्देश पर यह क्लीन स्वीप अभियान चलाया गया।







