6 साल की मासूम से रेप का आरोपी पुलिस कस्टडी से भागा: फिल्मी स्टाइल में बंदूक छीनने की कोशिश; पुलिस ने पैर में मारी गोली

6 साल की मासूम से रेप का आरोपी पुलिस कस्टडी से भागा: फिल्मी स्टाइल में बंदूक छीनने की कोशिश; पुलिस ने पैर में मारी गोली
गौहरगंज दुष्कर्म आरोपी सलमान को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया
भोपाल, यशभारत: गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के जघन्य आरोपी सलमान को गुरुवार देर रात भोपाल से गिरफ्तार करने के बाद उसे रायसेन ले जाते समय नाटकीय घटनाक्रम हुआ। औबेदुल्लागंज के पास जंगल में आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में उसके पैर में गोली मारकर उसे दबोच लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कमलेश कुमार खरपुसे ने मीडिया को बताया कि आरोपी सलमान को भोपाल से गिरफ्तार कर गौहरगंज लाया जा रहा था। रात करीब 3 से 4 बजे के बीच रास्ते में पुलिस वाहन पंक्चर हो गया। जब सुरक्षा कर्मी सलमान को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट कर रहे थे, तभी आरोपी ने मौका पाकर एसआई श्यामराज सिंह की सर्विस रिवाल्वर छीनकर फायर करने और जंगल की ओर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन जब वह नहीं माना और भागने की कोशिश करता रहा, तो जवाबी कार्रवाई में उसके पैर पर गोली मारी गई। गोली लगते ही आरोपी घायल होकर गिर गया।
घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती
गोली लगने से घायल हुए आरोपी सलमान को तुरंत इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ भागने और पुलिस पर हमला करने के प्रयास का एक और मामला दर्ज किया जाएगा।
गौहरगंज में मासूम से हुए इस दरिंदगी भरे अपराध को लेकर पूरे जिले में भारी गुस्सा था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस ने पुष्टि की है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।







