मध्य प्रदेश

लेन-देन के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला – 3 गिरफ्तार

जबलपुर, शहर के विजय नगर थाना क्षेत्र के लमती इलाके में बीती रात 32 वर्षीय प्रवीण दुबे पर 10-12 अज्ञात हमलावरों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हमला पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर हुआ है। क्षेत्रवासियों से मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर प्रवीण दुबे को घायल करने के बाद किसी अन्य युवक की तलाश कर रहे थे और गाली-गलौज करते हुए किसी निशीथ शर्मा से मिलवाने की बात कह रहे थे।

ये है पूरा मामला:

उपरोक्त घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रवीण दुबे पर हमला करने वालों में से तीन लोगों – तरुण शुक्ला, आशुतोष तिवारी और लक्की राजपूत – को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार युवकों से जब घटना के संबंध में पूछताछ की गई तो उन्होंने चौंकाने वाले खुलासे किए। युवकों ने बताया कि प्रवीण दुबे ने ही उनकी पहचान निशीथ शर्मा नामक व्यक्ति से करवाई थी। निशीथ शर्मा ने उन्हें बालाघाट में मैग्नीज की खदान का कार्य करने का झांसा दिया था और इस काम के लिए उनसे बैंक ट्रांसफर के माध्यम से 50 लाख रुपये भी लिए थे। हालांकि, पैसे लेने के लगभग 2 साल बाद भी निशीथ शर्मा द्वारा खदान का कार्य प्रारंभ नहीं किया गया। जब युवकों ने अपने पैसे वापस मांगे तो निशीथ शर्मा टाल-मटोल करने लगा और अंततः उनके सभी फोन नंबर ब्लॉक करके फरार हो गया। चूंकि युवकों का संपर्क निशीथ शर्मा से प्रवीण दुबे के माध्यम से हुआ था, इसलिए वे प्रवीण से अपने पैसे वापस करवाने का दबाव डाल रहे थे। काफी समय बीत जाने और निशीथ शर्मा से पैसे न मिलने के बाद, उन्होंने प्रवीण पर हमला कर दिया। पुलिस अब हमलावरों द्वारा दिए गए बयान के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और फरार निशीथ शर्मा की तलाश में भी जुट गई है। इस घटना ने क्षेत्र में धोखाधड़ी और अवैध खनन गतिविधियों से जुड़े संभावित नेटवर्क की ओर इशारा किया है, जिस पर पुलिस का ध्यान केंद्रित हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button