भंडारी अस्पताल के समीप राजुल डुप्लेक्स में ब्यूटी पार्लर संचालिका को गोली मारकर युवक ने ली खुद की जान
जबलपुर, यश भारत

भंडारी अस्पताल के समीप राजुल डुप्लेक्स में ब्यूटी पार्लर संचालिका को गोली मारकर युवक ने ली खुद की जान
जबलपुर, यश भारत। शहर में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब भंडारी अस्पताल के समीप पायल टॉकीज के पास स्थित राजुल डुप्लेक्स में गोली चलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कमरे के भीतर महिला और पुरुष खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। यह दृश्य देखकर पुलिस भी स्तब्ध रह गई और तत्काल स्पेशल टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि एक युवक ने ब्यूटी पार्लर संचालिका की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
मृतका के जीजा के अनुसार मृतका शक्ति कोहली पिछले करीब 20–25 वर्षों से ब्यूटी पार्लर का संचालन कर रही थीं। हाल ही में उन्होंने मुस्कान प्लाजा स्थित एक डुप्लेक्स में नया पार्लर शुरू किया था। इस काम में दीपेश राठौर उनके साथ पार्टनर के रूप में जुड़ा हुआ था।
परिजनों के मुताबिक कुछ समय बाद दीपेश के आपराधिक बैकग्राउंड की जानकारी सामने आई, जिसके बाद परिवार ने शक्ति को उससे अलग होने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि शक्ति ने जब पार्टनरशिप खत्म करने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दीपेश लगातार गाली-गलौज कर रहा था और जान से मारने की धमकियां भी दे रहा था।
परिजनों ने बताया कि घटना से दो दिन पहले दीपेश के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत भी दी गई थी। शिकायत में उसके पास हथियार होने की आशंका जताई गई थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय शक्ति कोहली पार्लर का सामान समेटकर दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी कर रही थीं। उसी दौरान दीपेश वहां पहुंचा और विवाद के बाद उसने शक्ति को गोली मार दी। मौके पर मौजूद पार्लर सीखने वाली एक युवती ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और तुरंत परिजनों को सूचना दी।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने भी खुद को गोली मार ली। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।







