भोपालमध्य प्रदेश

ससुराल में रह रहे युवक ने फांसी लगाकर दी जान

ससुराल में रह रहे युवक ने फांसी लगाकर दी जान

भोपाल, यशभारत। राजधानी के गोविंदपुरा थाना इलाके में एक 36 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक पिछले एक साल से अपने ससुराल में रह रहा था। घटना के वक्त उसकी पत्नी मायके (लखनऊ) गई हुई थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि शुरुआती पूछताछ में आर्थिक तंगी की बात सामने आ रही है।
पुलिस के अनुसार, मूलतः लखनऊ निवासी मनोज बहेलिया (36) पिता अरुण बहेलिया, गोविंदपुरा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी करता था। वह यहां अपने ससुर के घर पर ही रहता था। मंगलवार रात करीब 10 बजे जब उसकी सास उसे भोजन के लिए बुलाने कमरे पर पहुंची, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो ससुर ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर मनोज का शव फंदे से लटका हुआ था।

आर्थिक तंगी हो सकती है वजह
सूचना मिलने पर पहुंची गोविंदपुरा पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे ठोस कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। ससुर से हुई बातचीत में पुलिस को पता चला है कि मनोज पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है। पत्नी के लखनऊ से लौटने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे, ताकि यह पता चल सके कि क्या कोई पारिवारिक विवाद या अन्य कारण भी आत्महत्या की वजह तो नहीं था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button