भोपालमध्यप्रदेश

भोपाल,यशभारत

भोपाल में चलती बाइक पर युवक की गोली मारकर हत्या, देखें वीडियो

भोपाल,यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में दिनदहाड़े हत्या की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश के चलते चलती मोटरसाइकिल पर एक युवक को उसके ही परिचित ने सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद कर लिए हैं।

लिफ्ट लेकर पीछे बैठा और मार दी गोली

मिली जानकारी के अनुसार, आज रविवार सुबह करीब 7:30 बजे मृतक इखलाश अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसके परिचित अलीम ने उससे लिफ्ट मांगी और बाइक पर पीछे बैठ गया। चलती गाड़ी पर अलीम ने मौका पाते ही पीछे से इखलाश के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

एक महीने पुराने विवाद का लिया बदला

मृतक के भाई साहिल के बयानों और पुलिस पड़ताल में सामने आया कि करीब एक महीने पहले आरोपी अलीम और उसके साथी अय्यू ने इखलाश पर कट्टा तान दिया था। उस समय स्थानीय नागरिकों के हस्तक्षेप के बाद समझौता हो गया था, लेकिन आरोपी मन में रंजिश पाले हुए था और उसने योजनाबद्ध तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और निशातपुरा थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर घेराबंदी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अलीम को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित सहयोगियों और अवैध हथियार के स्रोत के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button